Indore का ट्रैफिक सुधरेगा, अब फुटपाथ पर नहीं हो सकेगी गाड़ी पार्किंग

इंदौर शहर में यातायात सुधार के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जायेगा। अभियान के तहत सड़कों और फुटपाथ पर कब्जा कर यातायात बाधित करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
पहले दुकानदारों और व्यवसायिक संस्थानों को तीन दिन की चेतावनी दी जा रही है कि वे अपना सामान और कब्जा फुटपाथ से हटा लेंवे। इसके बाद मुहिम चलाकर सामान जब्ती और कब्जा हटाने की कार्यवाही की जायेगी।
इसके बाद पुन: सामान रखने और कब्जा करने वालों की दुकाने/व्यावसायिक संस्थान सील किये जायेंगे। प्रथम चरण में शहर की 15 सड़कों को इस कार्यवाही के लिए चिन्हित किया जा रहा है। साथ ही शहर से लम्बी दूरी की यात्री बसों का संचालन प्रतिबंधित किया जायेगा। लम्बी दूरी की चलने वाली यात्री बसों के अवैध बस स्टैण्ड शहर के बाहर संचालित करना होंगे। इन बसों के संचालन के लिए नायता मुण्डला स्थित बस स्टैण्ड का विकल्प बस संचालकों को दिया गया है।
यह जानकारी यहां कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दी गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, डीसीपी ट्राफिक अरविन्द तिवारी, स्मार्ट सिटी के सीईओ दिव्यांक सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम अभिलाष मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।



