Indore: कवि सत्यनारायण सत्तन सम्मानित, देवी अहिल्या नगर गौरव से किया सम्मान

इंदौर का नाम देशभर में गौरवान्वित करने वाले राष्ट्रकवि सत्यनारायण सत्तन को देवी अहिल्या नगर गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया , इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि, सत्तन गुरु ने कभी भी सरकार या व्यक्ति पर सवाल नहीं उठाए बल्कि व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व कवि सत्यनारायण सत्तन को बुधवार को देवी अहिल्या बाई नगर गौरव सम्मान से सम्मानित किया। उन्हें एक लाख एक हजार एक सौ एक रुपए की सम्मान राशि, मालवी पगडी, देवी अहिल्या की मूर्ति और मानपत्र देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर सत्तन गुरु ने अपनी वाणी से सभी को आनंद से भर दिया। सत्तन गुरु ने कहा कि 300 साल हो गए जिनका नाम ही अहिल्या हो उन्हें कोई हिला नहीं पाया, जो हिलाने से हिल जाए वो अहिल्या नहीं।
आयोजन में विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि न्यायप्रियता को अपने अंदर अंगीकार करना आज के वक्त की आवश्यकता हैं। सत्तन गुरु वो हैं जिन्हें शब्दों में नहीं बांधा जा सकता। सत्यनारायण सत्तन मां हिन्दी के सेवक हैं, जिन्होंने न केवल इंदौर में वरन पूरे भारत में नाम किया। उन्होंने कभी किसी व्यक्ति या सरकार पर सवाल नहीं उठाया बल्कि व्यवस्था पर सवाल उठाया।
आयोजन में मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, विधायक मालिनी गौड़, विधायक उषा ठाकुर, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमिता महाजन, संस्कृतिक र्मी जयंत भिसे, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता उपस्थित थे। विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा वर्षभर माता अहिल्या को स्मरण करने के कार्यक्रम होंगे।
श्रोताओं की फरमाइश पर सत्तन गुरु ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कविताएं सुनाकर समा बांध दिया। अतिथि स्वागत सुनील मतकर, मानवेंद्र त्रिवेदी, डॉ. योगेंद्र नाथ शुक्ल आदि ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।