MP: राजा रघुवंशी हत्याकांड में 8वीं गिरफ्तारी, मर्डर मिस्ट्री में इस किरदार की एंट्री

राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक और शख्स की एंट्री हुई है। अब पुलिस ने ग्वालियर से लोकेंद्र सिंह तोमर नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मेघालय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम के अनुरोध पर की गई, जो राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच कर रही है, तोमर पर सोनम को अपने फ्लैट में शरण देने और सबूत मिटाने का आरोप है।
मेघालय पुलिस ने इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच में एक और गिरफ्तारी की है। यह इस केस की आठवीं गिरफ्तारी है। गिरप्तार किए गए शख्स का नाम लोकेंद्र सिंह तोमर है। ये उस फ्लैट का मालिक है, जहां सोनम रघुवंशी राजा की हत्या के बाद आकर छिपी थी। पुलिस ने ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र के गांधीनगर स्थित NK प्लाजा पहुंची यहां दूसरी मंजिल पर बने उसके फ्लैट से गिरफ्तार करके अपने साथ ले गई।
गिरफ्तार आरोपी लोकेंद्र सिंह तोमर ने राजा की हत्याकांड को अंजाम देकर आई सोनम को इंदौर में शरण दी थी और मामले से जुड़े कई अहम सबूतों को छिपाने और नष्ट करने में मदद की थी। प्लाजा के गार्ड ने बताया कि सिविल ड्रेस में चार लोग आए थे। उन्होंने गाड़ी दूर ही खड़ी कर दी थी। वे अपने साथ लोकेंद्र तोमर को ले गए हैं।
मेघालय पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम इस हत्याकांड की जांच के लिए फिर मध्य प्रदेश में है यहां लगातार छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। बीते 21 जून को इसी हत्याकांड में एक और अभियुक्त शिलोम जेम्स और एक चौकीदार को गिरफ्तार किया था। शिलोम से पूछताछ में लोकेंद्र का नाम सामने आया है। इसकी बाद पुलिस ने सुरागों के आधार पर लोकेन्द्र सिंह तोमर को गिरफ्तार किया, जो एक फ्लैट का मालिक है।