MP: CM हाउस का कायाकल्प, हाईटेक ऑडिटोरियम और बहुत कुछ होगा खास

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जन्मदिन पर सीएम हाउस के कायाकल्प की शुरुआत हो गई है। अब मुख्यमंत्री निवास परिसर में बनने जा रहा है, एक भव्य, हाईटेक और अत्याधुनिक ऑडिटोरियम…जो न सिर्फ सरकारी कार्यक्रमों की तस्वीर बदलेगा, बल्कि सुविधाओं के लिहाज से भी बेहद खास होगा।
राजधानी भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने जन्मदिन के मौके पर करीब 45 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले हाईटेक ऑडिटोरियम का भूमिपूजन किया। यह ऑडिटोरियम करीब 2381 स्क्वायर मीटर क्षेत्र में बनाया जाएगा, जिसमें एक साथ 1800 से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी।
ऑडिटोरियम में 1730 कुर्सियां और 96 सोफा सीटें, आधुनिक लाइट-साउंड सिस्टम, और 12×29 मीटर का विशाल स्टेज बनाया जाएगा। इसके साथ ही स्टेज के पीछे कंट्रोल रूम, मीडिया ब्रीफिंग एरिया और विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग वीआईपी लाउंज की सुविधा भी रहेगी। सिर्फ ऑडिटोरियम ही नहीं यहां एक दो मंजिला डाइनिंग हॉल भी बनाया जाएगा, जहां एक साथ 2400 लोग भोजन कर सकेंगे। सीएम ने कहा कि टेम्परेरी डोम लगाकर किराया देना पड़ता था। अब स्थायी समाधान करने का प्रयास किया है।
बता दें कि, समत्व गेस्ट हाउस का भी निर्माण होगा, जिसमें लग्जरी बेडरूम, डाइनिंग, ड्रेसिंग रूम और वीआईपी लाउंज जैसी सुविधाएं होंगी। पूरे प्रोजेक्ट का निर्माण बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा किया जा रहा है, और इसे 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।



