MP: डेली कॉलेज में BJP की “पाठशाला”, CM मोहन यादव बने गुरु

इंदौर में बीजेपी की पाठशाला लगी जहां संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ चुनावी रणनीति का भी पाठ पढ़ाया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव खुद इस प्रशिक्षण कार्यशाला में गुरु की भूमिका में नजर आए और कार्यकर्ताओं को संगठन, विचारधारा और रणनीति के अहम मंत्र दिए।
इंदौर के डेली कॉलेज में आयोजित बीजेपी की इस विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला में देशभर के सात राज्यों से वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। इस पाठशाला का मकसद साफ था संगठन को तकनीकी रूप से मजबूत करना और डिजिटल माध्यमों के जरिए चुनावी रणनीति को और धार देना। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खुद कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति समझाई और उन्हें जमीनी स्तर पर मजबूत बनने का मंत्र दिया।
मीडिया से बातचीत में सीएम ने कहा कि अलग-अलग राज्यों के जिला स्तरीय वक्ताओं का प्रशिक्षण बीजेपी की विशेषता है और मध्यप्रदेश एक संगठन आधारित राज्य है, इसलिए यहां इस तरह की गतिविधियां लगातार चलती रहती हैं।
इस हाईप्रोफाइल कार्यशाला में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, गुजरात के संगठन मंत्री रत्नाकर, पूर्व सांसद विनय सहस्त्रबुद्धे और ओमप्रकाश धनखड़ समेत कई दिग्गज मौजूद रहे।
कुल मिलाकर बीजेपी अब चुनावी तैयारियों में संगठन और टेक्नोलॉजी दोनों को साथ लेकर चल रही है। इंदौर की यह पाठशाला आने वाले चुनावों से पहले कार्यकर्ताओं को मजबूत और तैयार करने की बड़ी कवायद मानी जा रही है।



