MP: CM मोहन यादव ने छोड़ा इंदौर का प्रभार, अब इस मंत्री को मिली जिम्मेदारी

मध्यप्रदेश की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने इंदौर जिले का प्रभार छोड़ दिया है। अब एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप इंदौर के नए प्रभारी मंत्री होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 2024 में जब मंत्रियों को जिलों का प्रभार सौंपा गया था, तब सीएम ने इंदौर का प्रभार अपने पास रखा था। अब उन्होंने यह प्रभार छोड़ दिया है।
नए आदेश के बाद अब इंदौर जिले से जुड़े विकास कार्यों, योजनाओं की समीक्षा और प्रशासनिक समन्वय की जिम्मेदारी मंत्री चैतन्य काश्यप के पास होगी। प्रभारी मंत्री के रूप में वे जिले में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
इंदौर प्रदेश का प्रमुख आर्थिक और व्यावसायिक केंद्र है। ऐसे में जिले की प्रशासनिक और विकास संबंधी गतिविधियों के लिए प्रभारी मंत्री की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। चैतन्य काश्यप को यह जिम्मेदारी मिलने के बाद अब जिले से जुड़े मामलों में उनकी भूमिका बढ़ जाएगी।



