MP में “अभिनंदन लाल vs टपोरी” सियासी जंग, CM मोहन यादव और जीतू पटवारी आमने-सामने

मध्य प्रदेश की सियासत में जुबानी जंग अपने चरम पर है। एक तरफ हैं मुख्यमंत्री मोहन यादव, तो दूसरी तरफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी। “अभिनंदन लाल vs टपोरी” के नाम से छिड़ी ये नई सियासी भिड़ंत अब बयानबाज़ी से आगे बढ़कर सोशल मीडिया वॉर में बदल चुकी है। शुरुआत पटवारी ने की और ख़त्म सीएम मोहन यादव करते दिखाई दे रहे है, और अब ये मामला पूरे प्रदेश की राजनीति का हॉट टॉपिक बन गया है।
दरअसल, सतना की जनसभा में कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर तंज कसते हुए उन्हें मोहनलाल अभिनंदन यादव” कह दिया। बस फिर क्या था, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी पलटवार में कोई कसर नहीं छोड़ी। इंदौर में सीएम मोहन यादव ने मंच से ललकारते हुए जवाब दिया हां, हम अभिनंदन लाल हैं… क्योंकि हमने तुम्हें घर बैठाया है। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री ने पटवारी को टपोरी तक कह दिया और तंज कसते हुए बोले कि जो अपनी ही विधानसभा में हार जाए, वो मुकाबले की बात करता है।
सीएम के इस बयान के बाद सियासत गरमा गई , कांग्रेस इस पर भड़क उठी तो बीजेपी ने भी जवाबी रणनीति तेज कर दी। अब ये लड़ाई सिर्फ मंच तक सीमित नहीं रही…बीजेपी ने सोशल मीडिया पर जीतू पटवारी के पुराने विवादित वीडियो वायरल करने शुरू कर दिए हैं। हेमंत खंडेलवाल ने भी पटवारी को मर्यादा का पाठ पढ़ाया और बयानबाज़ी पर संयम रखने की नसीहत दी।
कुल मिलाकर बयानों की ये जंग अब सियासी गेम बन चुकी है, जिसमें दोनों दल आमने-सामने हैं। राजनीति में बयानबाज़ी का ये नया अध्याय अब किस मोड़ पर जाकर रुकेगा, ये देखना दिलचस्प होगा। लेकिन फिलहाल इतना तय है कि अभिनंदन लाल vs टपोरी की ये सियासी भिड़ंत आने वाले दिनों में और तेज़ होने वाली है।



