एमपी-citiesएमपी-ब्रेकिंगमेरा-देशराजधानी-रिपोर्टविशेष

MP में राज्यसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू, कांग्रेस में कौन बनेगा दावेदार मंथन तेज

मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विधानसभा में संख्या बल के आधार पर दो सीटों पर बीजेपी और एक सीट पर कांग्रेस की जीत लगभग तय मानी जा रही है। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा कांग्रेस के उस चेहरे को लेकर है, जिसे पार्टी राज्यसभा भेजेगी। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन और पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल के नाम चर्चा में हैं। आखिर किस पर लगेगी कांग्रेस की मुहर.

18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए अब उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। देशभर की 24 सीटों पर चुनाव होना है, जबकि मध्य प्रदेश से तीन राज्यसभा सदस्य चुने जाएंगे। प्रदेश विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए दो सीटों पर बीजेपी और एक सीट पर कांग्रेस की जीत तय मानी जा रही है। ऐसे में कांग्रेस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर राज्यसभा के लिए पार्टी का उम्मीदवार कौन होगा।  सबसे मजबूत दावेदारों में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। कमलनाथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और दिल्ली की राजनीति में उनका लंबा अनुभव रहा है।

दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी दावेदारी में मजबूत माने जा रहे हैं। ओबीसी वर्ग से आने वाले जीतू पटवारी अपने आक्रामक राजनीतिक तेवरों और संगठन में सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते हैं। राहुल गांधी के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती है। वही पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल का नाम भी चर्चा में है। कमलनाथ सरकार में मंत्री रह चुके कमलेश्वर पटेल है। ओबीसी वर्ग से आने के कारण सामाजिक समीकरण भी उनके पक्ष में माने जा रहे हैं।

वहीं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन भी संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल हैं। कांग्रेस संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वर्तमान में वे तेलंगाना कांग्रेस की प्रभारी हैं और राहुल गांधी की टीम में भी अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस क्रॉस वोटिंग की किसी भी आशंका से बचने के लिए ऐसा चेहरा मैदान में उतारना चाहती है, जिसकी स्वीकार्यता पार्टी के भीतर सबसे ज्यादा हो। कमलनाथ, जीतू पटवारी, मीनाक्षी नटराजन और कमलेश्वर पटेल में से कौन बनेगा कांग्रेस का राज्यसभा उम्मीदवार, इसका जवाब जल्द सामने होगा। फिलहाल, सियासी गलियारों में अटकलों का दौर जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button