MP: रामराजा की नगरी से BJP का मिशन-2028, यूथ से बूथ तक संगठन मजबूत करने का प्लान

रामराजा सरकार की नगरी ओरछा…14 साल बाद फिर भाजपा की मध्यप्रदेश कार्यसमिति का गवाह बनी…और बैठक के पहले ही दिन 2028 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनाव का रोडमैप बुनना शुरू कर दिया। फोकस रहा यूथ से बूथ तक संगठन मजबूत करने पर…तो बुंदेलखंड के विकास के लिए केन-बेतवा लिंक परियोजना को भी बड़ा मुद्दा बनाया गया। यानी रामराजा की नगरी से बीजेपी ने संगठन, सरकार और चुनावी रणनीति…तीनों को एक साथ साधने की कोशिश की।
ओरछा के होटल राजमहल में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक की शुरुआत ध्वजारोहण और प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुई। करीब 350 प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुई कार्यसमिति में संगठन को मजबूत करने से लेकर आगामी चुनावों की तैयारियों तक कई अहम मुद्दों पर मंथन हुआ। भाजपा ने नई पीढ़ी को संगठन से जोड़ने और युवाओं से लगातार संवाद करने पर जोर दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं को बूथ से लेकर घर-घर तक पहुंचाने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का संदेश दिया गया।
बीजेपी की इस बैठक में बुंदेलखंड का विकास भी बड़े एजेंडे के तौर पर सामने आया। केन-बेतवा लिंक परियोजना को बुंदेलखंड के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कांग्रेस द्वारा इसके विरोध की आलोचना की गई। राजनीतिक प्रस्ताव में किसान, महिला, युवा, रोजगार, उद्योग और जनजातीय समाज से जुड़े मुद्दों को पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल किया गया।
यानीफोकस साफ है…सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना और संगठन के कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में सक्रिय करना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी चित्रकूट से ओरछा पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह उज्जैन में बाबा महाकाल के महालोक का निर्माण हुआ है, उसी तर्ज पर ओरछा में भी रामराजा लोक बनाया जाएगा।
कुल मिलाकर ओरछा में सिर्फ संगठन की बैठक नहीं हो रही…बल्कि बीजेपी ने रामराजा की नगरी से मिशन-2028 की राजनीतिक जमीन मजबूत करने का संदेश भी दे दिया है।



