Ujjain में CM मोहन यादव ने किए देव दर्शन, महाकाल का आशीर्वाद लिय
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव मन्दिर देवदर्शन के पहले वाल्मिकीधाम स्थित राष्ट्रीय सन्त बालयोगी श्री उमेशनाथ महाराज के आश्रम पहुंचकर समाधि के दर्शन कर बालयोगी श्री उमेशनाथ महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री उमेशनाथ महाराज ने मुख्यमंत्री का सम्मान कर आशीर्वाद प्रदान किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव भर्तृहरि गुफा पहुंचकर श्री शिव गोरखनाथाय का पूजन-अर्चन किया। भर्तृहरि गुफा के गादीपति महन्त श्री रामनाथ महाराज ने मुख्यमंत्री का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने महन्त श्री रामनाथ महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर ब्राह्मण बटुकों ने स्वस्ति वाचन किया। मुख्यमंत्री ने इसके बाद भर्तृहरि गुफा में स्थित गौशाला में गौमाता को भूसा खिलाया।
तत्पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल गऊघाट स्थित महन्त श्री रामेश्वरदास के आश्रम पहुंचकर महन्तश्री से आशीर्वाद प्राप्त किया। आश्रम के महन्तों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया। इस अवसर पर श्री रामेश्वरदास महाराज, महाकालेश्वर मन्दिर के महन्त विनीत गिरि महाराज, महामण्डलेश्वर मंदाकिनी दीदी, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव इन्दौर रोड स्थित तपोभूमि पहुंचकर तपोभूमि प्रणेता आचार्य श्री प्रज्ञासागर महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का जैन समाज के नागरिकों ने अभिनन्दन किया। इस अवसर पर उन्हें मालवा गौरव से सम्मानित कर जैन समाज के पदाधिकारियों ने 58 प्रकार के विविध फलों से एवं मालाओं से मुख्यमंत्री का सम्मान किया। मुख्यमंत्री को आचार्य श्री प्रज्ञासागर महाराज ने दण्ड भेंट किया। धर्मदण्ड प्रदान कर आचार्य श्री प्रज्ञासागर महाराज ने कहा कि यह धर्मदण्ड रक्षा करेगा और धर्मदण्ड न्याय का प्रतीक है और मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता में न्याय प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने आचार्य श्री प्रज्ञासागर महाराज का पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आचार्य श्री प्रज्ञासागर महाराज ने कहा कि मेरी ओर से और जैन समाज की ओर से उन्हें चौबीसों घंटे आशीर्वाद मिलता रहेगा। सकल जैन समाज की ओर से मुख्यमंत्री का समाजसेवी श्री अशोक जैन ने तिलक लगाकर, पगड़ी पहनाकर उनका अभिनन्दन किया। इसी तरह सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायकद्वय अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल, ओम जैन, राकेश अग्रवाल, कपिल यार्दे आदि ने मुख्यमंत्री को माला पहनाकर उनका अभिनन्दन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि हमें कई पुण्यों के बाद मानव योनी प्राप्त होती है। मानव योनी प्राप्त होने पर व्यक्ति देवमार्ग पर चलता है या लोभ-लालच की राह पर चलता है। यह हमें तय करना है। मनुष्य के जन्म के बाद परमात्मा सन्तों के सान्निध्य से आशीर्वाद मिलते हैं और उनके बताये गये सही रास्ते पर चलकर मानव कल्याण के लिये काम करें। मुख्यमंत्री होने के नाते प्रदेश में सुख-समृद्धि आये, विकास के पथ पर प्रदेश आगे बढ़े और सबके कल्याण के लिये अच्छा काम करूं, यही ईश्वर से प्रार्थना करूंगा और जनता की भलाई करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि जियो और और जीने दो का नारा चरितार्थ करते हुए हम सबको मानव कल्याण की दिशा में कार्य करना चाहिये।