CM Shivraj ने लाड़ली बहना को दी सौगात, बुरहानपुर में संवाद कर कही ये बात

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुरहानपुर के महिला सम्मेलन में एक करोड़ 31 लाख लाड़ली बहनों के खातों में सिंगल क्लिक से 1597 करोड़ रूपए अंतरित किए। इस माह बहनों को बढ़ी हुई राशि के रूप में 1250 रूपए की किस्त जारी की गई है। जिसमें बुरहानपुर जिले की 1 लाख 33 हजार 414 लाड़ली बहनाओं के खाते में राशि हस्तांतरित हुई।
मुख्यमंत्री चौहान ने बुरहानपुर जिले में 397 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया तथा हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 68 करोड़ 21 लाख की लागत से बने असीर-धुलकोट-घाटाखेड़ी मार्ग, 38 करोड़ 82 लाख की लागत से नेपानगर रेलवे क्रासिंग पर बने ओव्हर ब्रिज, 50 सीटर डिग्री कॉलेज भवन धुलकोट, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नेपानगर तथा अन्य कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 145 करोड़ की पांगरी मध्यम सिंचाई परियोजना, 23 करोड़ की इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर स्थित 13.80 किलोमीटर लंबे नेपाफाटा से नेपानगर मार्ग निर्माण सहित अन्य कार्यों का भूमिपूजन भी किया।