MP: देवास में पटाखा फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 3 लोगों की मौत, 25 से ज्यादा घायल

देवास की टोंककलां पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके ने कई जिंदगियां उजाड़ दी हैं। हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 25 से ज्यादा मजदूर घायल बताए जा रहे हैं, घायलों को इंदौर रेफर किया गया है, सोनकच्छ विधायक डॉ राजेश सोनकर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना, वहीं सीएम मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रूपये मुआवजे का ऐलान किया।
देवास के टोंककलां में स्थित पटाखा फैक्ट्री में अचानक हुए धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। ब्लास्ट के बाद फैक्ट्री से आग और धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 25 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए इंदौर के चोइथराम हॉस्पिटल और एमवाय अस्पताल में रेफर किया गया है…सोनकच्छ विधायक डॉ राजेश सोनकर अस्पताल आए, जहां उन्होंने घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए…
विधायक राजेश सोनकर ने कहा कि, संकट की इस घड़ी में सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और सभी घायलों का निशुल्क इलाज कराया जाएगा। घटना में जो भी दोषी होगा उसे छोड़ा नहीं जाएगा.
एमवाय अस्पताल के अधीक्षक के मुताबिक तीन गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को भर्ती किया गया है जो 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं और उनकी हालत बेहद गंभीर है। बर्न यूनिट लगातार बेहतर इलाज कर रही है।
घटना की आपबीती बताते हुए एक मजदूर ने बताया कि तेज गर्मी और कर्मचारियों की लापरवाही के चलते फैक्ट्री में आग लगी , खाना खाने के बाद काम शुरू हुआ ही था कि अचानक आग भड़क गई। इसके बाद करीब 45 मिनट तक लगातार धमाके होते रहे जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई…
बताया जा रहा है कि, फैक्ट्री में उस समय 200 से ज्यादा लोग काम कर रहे थे जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। देवास का ये हादसा एक बार फिर सुरक्षा मानकों पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है। क्या फैक्ट्री में नियमों का पालन हो रहा था…?



