MP: महाकाल के दरबार में अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, BJP की मजबूती का मांगा आशीर्वाद

दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद मध्य प्रदेश भाजपा संगठन अब आत्ममंथन के साथ आध्यात्मिक ऊर्जा का भी सहारा लेता नजर आ रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर आए, जहां उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और भाजपा संगठन की मजबूती कि कामना की है।
सावन के पावन माह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन कर प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। दतिया उपचुनाव में भाजपा को मिली हार के बाद प्रदेश संगठन लगातार समीक्षा में जुटा है। इसी बीच हेमंत खंडेलवाल का महाकाल मंदिर पहुंचना राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने बाबा महाकाल से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलने की कामना की। सावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बीच उन्होंने मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भक्ति और सियासत का यह संगम ऐसे समय देखने को मिला है, जब भाजपा एक ओर चुनावी समीक्षा में जुटी है तो दूसरी ओर आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी भी कर रही है।
सावन में महाकाल के दरबार में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की मौजूदगी को आस्था के साथ-साथ राजनीतिक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है। अब संगठन की नजर आगामी चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने पर रहेगी।



