MP: छिंदवाड़ा से जन विश्वास अभियान, CM मोहन यादव बोले – प्रमोशन प्रक्रिया को मिली रफ्तार

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा से प्रदेशव्यापी जन विश्वास अभियान की शुरुआत करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने का ऐलान किया। पदोन्नत और नवनियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों के अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हर शुक्रवार अधिकारी गांव और जनता के बीच पहुंचकर योजनाओं की जमीनी हकीकत परखेंगे। साथ ही वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर भी उन्होंने बड़ा भरोसा दिलाया।
छिंदवाड़ा में आयोजित पदोन्नत एवं नवनियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों के अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश में बैठकों का दौर बहुत होता है, लेकिन अब अधिकारी सिर्फ दफ्तरों में नहीं बैठेंगे। हर शुक्रवार वे जनता के बीच जाकर योजनाओं और लंबित मामलों की वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि जन विश्वास अभियान जनवरी 2027 तक पूरे प्रदेश में लगातार प्रत्येक शुक्रवार संचालित होगा।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि, उनकी सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है। उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वर्षों से रुकी पदोन्नति प्रक्रिया को अब गति दी गई है और हर कर्मचारी को उसका अधिकार दिलाया जाएगा।
जन विश्वास अभियान के जरिए सरकार अब प्रशासन को सीधे गांव और जनता से जोड़ने की कोशिश कर रही है। वहीं वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाकर कर्मचारियों को राहत देने का संदेश भी सरकार ने साफ तौर पर दिया है।



