MP: MPCA को ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिया मोदी फॉर्मूला, हर 2-3 हफ्ते में टीम के साथ करो मीटिंग

मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन के वार्षिक पुरस्कार समारोह में खिलाड़ियों का सम्मान हुआ…लेकिन मंच से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खिलाड़ियों और एमपीसीए को सफलता का एक खास फॉर्मूला भी दे दिया…और ये फॉर्मूला था सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामकाज से जुड़ा हुआ। सिंधिया ने कहा कि टीम को हर दो-तीन हफ्ते में बैठकर अपना रिपोर्ट कार्ड खुद देखना चाहिए…क्या अच्छा हुआ, क्या गलत हुआ और कहां सुधार की जरूरत है…यानी क्रिकेट के मैदान में भी अब मोदी फॉर्मूले से जीत का मंत्र…।
इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदेश के पुरुष और महिला क्रिकेटरों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 2 करोड़ 94 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि दी गई। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर व आईसीसी मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए सफलता का एक खास मंत्र दिया। सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली से सीख लेते हुए टीम को हर दो-तीन सप्ताह में बैठकर समीक्षा करनी चाहिए। इस दौरान ईमानदारी से पूछा जाए कि क्या अच्छा हुआ और कहां कमियां रह गईं।
सिंधिया ने कहा कि, सफलता के लिए सिर्फ तालियां जरूरी नहीं हैं…बल्कि अपनी गलतियों पर खुलकर चर्चा करना और उनमें सुधार करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों को साफ संदेश दिया कि ईमानदार फीडबैक ही बेहतर प्रदर्शन का रास्ता खोलता है। सिंधिया ने कहा कि, क्रिकेट कोई स्प्रिंट नहीं, बल्कि मैराथन है। जीवन की तरह क्रिकेट में भी उतार-चढ़ाव और कठिनाइयां आती हैं, लेकिन अगर दिल में जुनून और लक्ष्य पर विश्वास हो तो सफलता जरूर मिलती है।
राजनीति में टीम मैनेजमेंट और लगातार समीक्षा के लिए चर्चित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फॉर्मूला अब क्रिकेट के मंच पर भी सुनाई दिया. सिंधिया का संदेश साफ है…अगर टीम को लंबी रेस का खिलाड़ी बनना है, तो हर कुछ हफ्तों में अपनी कमियों की पिच भी पढ़नी होगी।



