MP में जनगणना 2027 का आगाज, CM मोहन यादव ने खुद भरा स्व-गणना फॉर्म

मध्य प्रदेश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया का आगाज हो चुका है, और इसकी शुरुआत खुद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की है। सीएम ने भोपाल स्थित अपने निवास से स्व-गणना फॉर्म भरकर इस अभियान की शुरुआत की और प्रदेशवासियों से भी इसमें भाग लेने की अपील की है।
एक मई से घर-घर जाकर मकानों की गणना करने के पहले गुरुवार से स्व-गणना शुरू हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीएम हाउस में स्व-गणना प्रपत्र भरकर जनगणना की औपचारिक शुरुआत की। जनगणना आयुक्त के निर्देश पर गणना कार्यक्रम के अंतर्गत स्वगणना का काम 16 अप्रेल से 30 अप्रैल तक चलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, जनगणना सिर्फ आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है…बल्कि यह भविष्य के विकास की मजबूत आधारशिला है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य में स्कूल, अस्पताल और बुनियादी सुविधाओं की सही योजना बनाई जाती है। इसलिए हर नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है।
बता दें कि इस स्व-गणना प्रक्रिया में कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन फॉर्म भर सकता है। इस फॉर्म में घर और परिवार से जुड़े करीब 33 सवालों के जवाब देने होंगे, जिससे सटीक आंकड़े जुटाए जा सकें। इसके बाद 1 मई से जनगणना का दूसरा चरण शुरू होगा जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे।



