MP के किसानों को मिली बड़ी राहत, CM मोहन यादव ने दी बधाई

मध्यप्रदेश के 54.23 लाख से ज्यादा किसानों के खातों में सोमवार को फसल बीमा के 1383 करोड़ रुपये अंतरित किए गए। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह राशि अंतरित की है। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश सरकार हमेशा किसानों के साथ है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 3,900 करोड़ रुपये के क्लेम की पहली किस्त का राष्ट्रव्यापी डिजिटल हस्तांतरण करते हुए 35 लाख किसानों को आर्थिक सुरक्षा कवच प्रदान करने का ऐतिहासिक कदम उठाया गया. वहीं मध्य प्रदेश के 54.23 लाख से अधिक बीमा खातों में 1383 करोड़ रुपए की फसल बीमा राशि ट्रांसफर की गई. इसको लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आभार जताते हुए कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार हमेशा किसानों के साथ है। इस समय मिलने वाली यह राशि किसानों के लिए आर्थिक रूप से अत्यंत मददगार सिद्ध होगी।
किसानों के बीमा खातों में डाली गई यह राशि लगभग 3 वर्षों के अलग-अलग फसल बीमा की है. इसमें वित्त वर्ष 2023-24 के रबी फसल की बीमा राशि वर्ष 2024 की खरीफ फसल की बीमा राशि और वित्त वर्ष 2024-25 की रबी सीजन की विभिन्न फसलों की बीमा राशि किसानों के खातों में डाली गई है.
 
				 
					



