MP में राज्यसभा के रण का आगाज, कांग्रेस प्रत्याशी अशोक सिंह ने भरा नामांकन

MP में राज्यसभा के लिए भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के लिए कांग्रेस उम्मीदवार अशोक सिंह विधानसभा पहुंचे। अशोक सिंह कांग्रेस दफ्तर से कांग्रेस नेताओं के साथ विधानसभा पहुंचे। उनके साथ पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, समेत अन्य विधायक भी मौजूद रहे।
कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी अशोक सिंह ने कहा कि, आज का दिन मेरे लिए काफी बड़ा दिन है। मेरी पूरी कोशिश रहेगी कि जनता की आवाज उठाऊं। कांग्रेस ने एक आम कार्यकर्ता को आज राज्यसभा भेजा है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर-चंबल संभाग में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को सीटें मिलेगी। ग्वालियर चंबल संभाग में हमारे नतीजे अच्छे रहेंगे।
नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि सोनिया जी, राहुल जी का हम सब आभार व्यक्त करते है। 42 साल से अशोक सिंह कांग्रेस की लड़ाई लड़ रहे है। अशोक सिंह ज़मीनी और अनुभवी नेता है। अशोक सिंह को राज्यसभा भेजने के निर्णय के लिए हम सब केंद्रीय नेतृत्व का आभारी है।
अशोक सिंह के नामांकन पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सिंधिया का किला ध्वस्त करने में अशोक सिंह महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे. सिंधिया के गढ़ को भेदने के लिए अशोक सिंह को चुना गया है.
बता दें मध्य प्रदेश में राज्यसभा इलेक्शन का निर्वाचन निर्विरोध होना है। एमपी में पांच सीट रिक्त हैं। भारतीय जनता पार्टी ने 4 जबकि कांग्रेस ने एक प्रत्याशी घोषित किया है।