केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले का बड़ा बयान, शिवराज लड़ेंगे लोकसभा चुनाव, केंद्र में बनेंगे मंत्री

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में मिली बंपर जीत के बाद बीजेपी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसी कड़ी में आज केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले भोपाल दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने बंसल वन स्थित भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों को संबोधित किया। वहीं प्रेस कांफ्रेंस के दौरान शिवराज सिंह चौहान के भविष्य पर पत्रकारों के सवाल पर रामदास अठावले ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान का लोकसभा में आना पक्का है, इससे विरोधियों बड़ा धक्का लगेगा। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान भी दिल्ली में आएंगे, हमारे साथ आएंगे, मंत्रिमंडल में शामिल होंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने डॉ मोहन यादव को मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाए जाने पर पीएम मोदी का आभार जताया। साथ ही यादव को बहुत-बहुत बधाई दी। उन्होंने कहा कि एमपी बीजेपी के साथ मोदी जी के कुशल नेतृत्व में यहां भाजपा ने 163 सीटें हासिल की है।
केंद्रीय मंत्री ने शिवराज की लाडली बहना योजना की तारीफ करते हुए कहा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भी प्रदेश के विकास में अहम योगदान दिया है। कुल मिलाकर रामदास अठावले ने शिवराज सिंह चौहान के भविष्य को लेकर बड़ा बयान देकर सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया।