Indore: इंदौर में लॉरेंस गैंग का बड़ा खुलासा, बिल्डर को मिली थी धमकी

इंदौर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। शहर में एक बिल्डर को मिली धमकी के पीछे अब गैंग का सीधा कनेक्शन सामने आया है। पुलिस जांच में आरोपी ने खुद कबूल किया है कि उसका लिंक लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है।
मामला सिर्फ धमकी तक सीमित नहीं, बल्कि इसके पीछे एक संगठित फिरौती नेटवर्क काम कर रहा था.
दरअसल, इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक बिल्डर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और क्राइम ब्रांच तुरंत एक्टिव हुई जांच के दौरान अशोक नगर से आरोपी मनीष जांगिड़ को प्रोडक्शन वारंट पर इंदौर लाया गया। पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। आरोपी मनीष जांगिड़ ने कबूल किया कि उसका कनेक्शन सीधे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है।
दरअसल, मनीष को पहले अशोक नगर में एक व्यापारी को धमकाने के लिए भेजा गया था जहां से उसकी गिरफ्तारी हुई। उसके पास से नकली आधार कार्ड और पेट्रोल बम भी बरामद किए गए। क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया कि यह पूरा नेटवर्क जेल में बंद शूटर के निर्देश पर काम कर रहा था , सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को बीकानेर से पैसे ट्रांसफर किए गए थे और ये रकम खास तौर पर बिल्डर को धमकाने के लिए भेजी गई थी , पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि मनीष की बातचीत लॉरेंस गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर से हुई थी , साथ ही रितिक बॉक्सर और दीपक नाम के अन्य सदस्यों की भूमिका भी सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि, आरोपी की योजना पहले अशोक नगर और फिर इंदौर में वारदात को अंजाम देने की थी. फिलहाल क्राइम ब्रांच इस पूरे गैंग के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। कुल मिलाकर इंदौर में लॉरेंस गैंग की एंट्री ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है, अब बड़ा सवाल ये है कि आखिर इस गैंग का नेटवर्क कितनी दूर तक फैला है, और क्या शहर में और भी लोग इनके निशाने पर हैं।



