Indore: रणजीत हनुमान करेंगे युद्ध विराम, रामनवमी पर विश्व शांति को लेकर विशेष आयोजन

इंदौर के रणजीत हनुमान करेंगे युद्ध विराम, जी हां रणजीत हनुमान मंदिर में राम नवमी के पावन अवसर पर विशेष आयोजन हुआ… जिसमें खाड़ी देशों में चल रहे तनाव और खासकर ईरान-इजराइल के बीच युद्ध जैसे हालात को खत्म करने के लिए प्रार्थना की गई। भक्तों ने भगवान श्रीराम और रणजीत हनुमान के चरणों में शीश झुकाकर शांति और सौहार्द कि कामना की है।
इंदौर के रणजीत हनुमान मंदिर में राम नवमी के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा जहां भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को पूरे उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर को आकर्षक फूलों सजाया गया…वहीं प्रभु श्रीराम और रणजीत हनुमान का भव्य श्रृंगार भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा।
इस खास मौके पर मंदिर में विश्व शांति के लिए विशेष पूजा-अर्चना की गई, जिसमें खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और ईरान-इजराइल के बीच जारी संघर्ष को रोकने की प्रार्थना की गई। मंदिर के पुजारी पंडित दीपेश व्यास के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने एक स्वर में शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।
वही मंदिर में बड़े पैमाने पर भक्तों की भीड़ उमड़ी, दर्शन व्यवस्था को लेकर मंदिर परिसर में पुख्ता इंतजामात किए गए। पंडित दीपेश व्यास ने कहा कि, हमारे आराध्य प्रभु श्री राम जन्मोत्सव के मौके पर अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया और जन्मोत्सव आरती संपन्न की गई
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से गूंजता रहा…भक्तों ने दर्शन कर खुद को धन्य महसूस किया और प्रभु से यही प्रार्थना की कि दुनिया में कहीं भी युद्ध न हो…रणजीत हनुमान मंदिर से निकला यह संदेश सिर्फ आस्था का नहीं…बल्कि वैश्विक शांति और मानवता का भी प्रतीक बन गया।



