MP: इंदौर में BJP की हाईटेक कार्यशाला, डेली कॉलेज में जुटे 6 राज्यों के 348 प्रतिनिधि

मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर एक बार फिर सियासी जमावड़े का केंद्र बना, जहां बीजेपी ने संगठन को और मजबूत करने के लिए हाईटेक अंदाज़ में बड़ा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया। देश के अलग-अलग राज्यों से आए दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यहां जुटकर चुनावी रणनीति, डिजिटल मैनेजमेंट और संगठन विस्तार पर मंथन किया….
इंदौर के प्रतिष्ठित डेली कॉलेज में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग महाअभियान के तहत आयोजित इस कार्यशाला में भविष्य की राजनीति की दिशा तय करने की कोशिश दिखी, इस हाईटेक कार्यशाला में 6 राज्यों से आए 348 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में प्रवेश से लेकर आयोजन स्थल तक विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, कार्यशाला का मुख्य फोकस था संगठन को तकनीकी रूप से मजबूत बनाना, डिजिटल माध्यमों के जरिए चुनावी रणनीति को और प्रभावी करना, कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा से लगातार अवगत करना हमारी सतत प्रक्रिया है। प्रशिक्षण का यह सिलसिला लगातार जारी है। पहले चरण में 1313 मंडलों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है और अब जिला स्तर पर दूसरे चरण की कार्यशालाएं शुरू हो रही हैं , इस शिविर में शामिल प्रतिनिधि प्रशिक्षण लेकर अपने-अपने राज्यों और जिलों में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे…
कार्यशाला में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री और संगठन के बड़े चेहरे भी मौजूद रहे, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रद्युम्न सिंह तोमर, कृष्णा गौर, प्रतिमा बागरी, राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी सहित कई विधायक और वरिष्ठ नेता इस आयोजन का हिस्सा बने…
यह प्रशिक्षण शिविर सिर्फ संगठनात्मक मजबूती नहीं, बल्कि आने वाले चुनावों के लिए रणनीतिक तैयारी का भी अहम हिस्सा माना जा रहा है। कुल मिलाकर इंदौर में आयोजित यह हाईटेक कार्यशाला बीजेपी के मिशन मोड की तैयारी को दर्शाती है…जहां तकनीक, प्रशिक्षण और रणनीति के जरिए संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी गई है…



