MP: जबलपुर एयरपोर्ट का नाम बदलेगा, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान

वीरता और बलिदान की प्रतीक रानी दुर्गावती को अब राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐलान किया है कि जबलपुर एयरपोर्ट का नाम अब वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर रखने की तैयारी की जा रही है.
जबलपुर में रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की , उन्होंने कहा कि जबलपुर एयरपोर्ट का नाम अब वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर रखने का प्रस्ताव जल्द ही केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। सीएम ने कहा कि रानी दुर्गावती का साहस, पराक्रम और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहा है…
समाधि स्थल पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय जनभावनाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. उन्होंने यह भी बताया कि, इससे पहले जबलपुर के सबसे बड़े फ्लाईओवर और प्रस्तावित नए चिड़ियाघर का नाम भी रानी दुर्गावती के नाम पर रखने का फैसला लिया जा चुका है। सीएम ने कहा कि इस नामकरण से देशभर से आने वाले यात्रियों को जबलपुर पहुंचते ही गोंडवाना की महान वीरांगना की गौरवगाथा याद आएगी.
यानि अब जबलपुर एयरपोर्ट सिर्फ एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि वीरता और इतिहास का प्रतीक बनने जा रहा है, जहां हर यात्री को रानी दुर्गावती के शौर्य की याद दिलाई जाएगी.



