MP के किसानों को बड़ी राहत, CM मोहन यादव की सौगात, साल में 1 बार चुकाना होगा लोन

मध्य प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है, अब कर्ज चुकाने की टेंशन खत्म! जी हां, डॉ. मोहन यादव की सरकार ने किसानों को ऐसी राहत दी है, जिससे लाखों किसानों को सीधा फायदा मिलेगा। अब किसानों को हर साल 31 मार्च तक लोन चुकाने की मजबूरी नहीं होगी।
मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए कर्ज चुकाने के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। कैबिनेट बैठक में फैसला लिया गया कि अब किसान क्रेडिट कार्ड के तहत लिया गया लोन साल में सिर्फ एक बार चुकाना होगा। पहले किसानों को 31 मार्च तक सहकारी बैंकों का कर्ज चुकाना पड़ता था, लेकिन अब नया नियम लागू होने के बाद किसान जिस तारीख को लोन लेंगे, उसके ठीक एक साल बाद तक बिना ब्याज के कर्ज चुका सकेंगे।
यानी अगर किसी किसान ने 1 जून को लोन लिया तो उसे अगली 1 जून तक कर्ज चुकाने का समय मिलेगा और वो भी जीरो फीसदी ब्याज पर। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि, राज्य सरकार सहकारी बैंकों के जरिए किसानों को हर साल करीब 25 हजार करोड़ रुपए का जीरो ब्याज लोन देती है। यह लोन रबी और खरीफ दोनों फसलों के लिए अलग-अलग दिया जाता है। लेकिन अब सबसे बड़ा बदलाव यह है कि, किसान को बार-बार कर्ज चुकाने की जरूरत नहीं, एक बार लोन लो और पूरे साल बाद चुकाओ। इस फैसले से सरकार पर करीब 880 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार आएगा।
कुल मिलाकर मध्य प्रदेश के किसानों के लिए ये फैसला किसी बड़ी राहत से कम नहीं है, अब किसानों को कर्ज चुकाने की जल्दबाजी नहीं होगी और खेती पर ज्यादा फोकस करने का मौका मिलेगा



