MP: इंदौर की स्वच्छता पर अहम बैठक, सफाईकर्मियों की हड़ताल से अलर्ट हुआ प्रशासन

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था और शहर की छवि को लेकर रेसीडेंसी कोठी में अहम बैठक हुई। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट दर्जा प्राप्त प्रताप करोसिया, कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कर्मचारी संगठनों और वाल्मीकि समाज की पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की है। बैठक में साफ संदेश दिया गया इंदौर को गंदा करने वालों का कोई पक्षधर नहीं है।
इंदौर में सफाईकर्मचारियों की हड़ताल और शहर की सडकों पर फैली गंदगियों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो राज्य सफाई कर्मचारी आयोग, नगर निगम , जिला प्रशासन हरकत में आया , देर शाम रेसीडेंसी कोठी में बड़ी बैठक हुई। मध्यप्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट दर्जा प्राप्त प्रताप करोसिया, कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कर्मचारी संगठनों और वाल्मीकि समाज की पंचायतों के प्रतिनिधियों से चर्चा की है।
प्रताप करोसिया ने कहा कि, इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था और शहर की छवि को प्रभावित करने वाली मौजूदा परिस्थितियों में चारों पंचायतें और कर्मचारी यूनियन नगर निगम के साथ हैं। स्वच्छता व्यवस्था और शहर की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियां किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएंगी।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि, इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में जो प्रतिष्ठा हासिल की है, उसे बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इंदौर की छवि खराब करने वाले किसी भी कृत्य को गंभीरता से लिया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कहा कि इंदौर स्वच्छता के क्षेत्र में देश में अग्रणी है। इस प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन, कर्मचारी संगठन और समाज की सभी पंचायतें मिलकर काम करेंगी। शहर को गंदा करने वालों का कोई पक्षधर नहीं है.
बैठक से साफ है कि इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्रशासन और कर्मचारी संगठन एकजुट नजर आ रहे हैं। संदेश भी स्पष्ट हैकृशहर की सफाई और उसकी छवि से किसी तरह का समझौता नहीं होगा।



