MP: स्वच्छता सर्वेक्षण में चमकी महाकाल की नगरी, 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में उज्जैन नंबर-1

बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन ने एक बार फिर स्वच्छता के मैदान में अपनी चमक बिखेर दी है… स्वच्छता सर्वेक्षण में उज्जैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया है। 3 लाख से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन ने पहला स्थान हासिल किया है। दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उज्जैन को सम्मानित किया।
धर्म और आस्था की नगरी उज्जैन ने अब स्वच्छता के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना ली है… स्वच्छता सर्वेक्षण में उज्जैन ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 3 लाख से 10 लाख की जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। दिल्ली में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उज्जैन को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। इस दौरान उज्जैन की ओर से नगर निगम सभापति कलावती यादव और अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने पुरस्कार ग्रहण किया।
यह उपलब्धि उज्जैन की स्वच्छता व्यवस्था, नगर निगम के प्रयासों और शहरवासियों की भागीदारी का परिणाम मानी जा रही है। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने से लेकर नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तक, शहर ने लगातार अपनी कोशिशें जारी रखीं।
बाबा महाकाल के दर्शन के लिए हर साल लाखों श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। ऐसे में शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। इस सम्मान के साथ उज्जैन ने देशभर में अपनी एक नई पहचान बनाई है और मध्य प्रदेश का मान भी बढ़ाया है।



