MP: सिंगरौली में दिनदहाड़े 15 करोड़ की बैंक डकैती, अब तक की सबसे बड़ी रॉबरी

मध्य प्रदेश के सिंगरौली से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है जहां दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में 15 करोड़ की बैंक डकैती को अंजाम दिया गया। 5 हथियारबंद बदमाश बैंक के अंदर घुसते हैं…फायरिंग करते हैं… कर्मचारियों को बंधक बनाते हैं…और महज 15 मिनट के भीतर करोड़ों का सोना और लाखों की नकदी लेकर फरार हो जाते हैं…सिंगरौली के बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई इस वारदात ने पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा दिया है…
सिंगरौली बैढ़न का बैंक ऑफ महाराष्ट्र…दोपहर करीब 1 बजे का वक्त…अचानक दो हथियारबंद बदमाश बैंक में दाखिल होते हैं और देखते ही देखते पूरे बैंक को अपने कब्जे में ले लेते हैं…कुछ ही मिनटों में उनके तीन और साथी भी अंदर पहुंच जाते हैं…बंदूक की नोक पर कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया जाता है…बदमाश सीधे उस लॉकर तक पहुंचते हैं… जहां ग्राहकों का गिरवी रखा गया सोना रखा था…बताया जा रहा है कि करीब 9 से 10 किलो सोना…और लगभग 20 लाख रुपए कैश बदमाश लूटकर ले गए…इस सोने की कीमत करीब 15 करोड़ रुपए आंकी जा रही है…
जब बैंक मैनेजर ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ जमकर मारपीट की , बंदूक की बट से सिर पर वार किया गया और पूरे बैंक में चीख-पुकार मच गई…इस दौरान बदमाशों ने एक फायर भी किया जिससे दहशत और बढ़ गई…डकैती को अंजाम देने के बाद…बदमाश पिट्ठू बैग और एक बड़े थैले में लूट का माल भरकर बाहर निकले…सामने लगे CCTV में तीन बदमाश साफ नजर आए हैं… मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर डीजीपी कैलाश मकवाना भी रात में सिंगरौली पहुंचे , DGP के मुताबिक बदमाश छत्तीसगढ़ की दिशा में भागे हैं, …पड़ोसी राज्यों—छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार को भी अलर्ट कर दिया गया है…
घटना की सूचना मिलते ही शहर के सभी एग्जिट पॉइंट्स सील कर दिए गए…एसपी मनीष खत्री खुद मौके पर पहुंचे और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं…दिनदहाड़े हुई इस फिल्मी स्टाइल डकैती ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा… लेकिन इस घटना ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है।



