MP: निगम-मंडलों की नियुक्तियों पर बड़ा अपडेट, BJP ने बदली रणनीति

मध्य प्रदेश में लंबे समय से अटकी निगम-मंडलों और प्राधिकरणों में राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर एमपी बीजेपी ने नई रणनीति तैयार की है, जिसके तहत अब सिर्फ अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि उपाध्यक्ष और सदस्यों के नाम भी एक साथ घोषित किए जाएंगे। भोपाल में हुई अहम बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इसके स्पष्ट संकेत दिए हैं।
मध्य प्रदेश में निगम-मंडलों, आयोगों और प्राधिकरणों में नियुक्तियों को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच अब तस्वीर साफ होती नजर आ रही है। भोपाल स्थित बीजेपी दफ्तर में हुई संभाग और जिला प्रभारियों की बैठक में इन नियुक्तियों को लेकर बड़ा फैसला लिया गया। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी अब नई रणनीति के तहत केवल अध्यक्षों के नाम घोषित नहीं करेगी, बल्कि उपाध्यक्ष और सदस्यों की पूरी सूची एक साथ जारी की जाएगी।
इस फैसले के पीछे मकसद साफ है ताकि नियुक्ति के बाद पूरी बॉडी तुरंत काम शुरू कर सके और प्रशासनिक प्रक्रिया में तेजी आए। बताया जा रहा है कि बीजेपी ने निगम मंडल, आयोग और प्राधिकरणों के अध्यक्षों के लिए करीब 23 नाम दिल्ली भेजे थे। यह सूची हाल ही में वापस मध्य प्रदेश पहुंची है। हालांकि, पहले उम्मीद थी कि एक हफ्ते के भीतर इन नामों की घोषणा हो जाएगी, लेकिन अब नई रणनीति के चलते यह प्रक्रिया थोड़ी और लंबी हो सकती है।
जानकारी के मुताबिक, हर निगम मंडल या प्राधिकरण में 2 से 3 उपाध्यक्ष और 4 से 5 सदस्य नियुक्त किए जा सकते हैं। इसी तरह आयोगों में भी कई सदस्यों की नियुक्ति की जाती है, जिससे अब पूरी सूची तैयार करने में अतिरिक्त समय लग रहा है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि इन नियुक्तियों का ऐलान कब तक होता है और किन चेहरों को मौका मिलता है।



