MP: भगवान महाकाल कि पहली सवारी की तैयारियां तेज, समय पर पूरे होंगे निर्माण के काम

सावन के महीने में निकलने वाली भगवान श्री महाकालेश्वर की पारंपरिक सवारी की तैयारियां तेज हो गई हैं। पहली सवारी से पहले जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने देर रात अधिकारियों के साथ खुद पूरे सवारी मार्ग का निरीक्षण किया और साफ निर्देश दिए कि 3 अगस्त को निकलने वाली पहली सवारी से पहले सभी निर्माण कार्य और व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं
सावन के महीने में निकलने वाली भगवान श्री महाकालेश्वर की विश्व प्रसिद्ध पारंपरिक सवारी को लेकर उज्जैन जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सोमवार रात नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ संपूर्ण सवारी मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने महाकाल मंदिर के शहनाई द्वार से शुरू होकर महाकाल घाटी, गुजरी चौराहा, रामघाट, कहारवाड़ी, कार्तिक चौक, श्री सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और पुनः महाकाल घाटी होते हुए पूरे पारंपरिक सवारी मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क, सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भगवान श्री महाकालेश्वर की पहली सवारी, जो 3 अगस्त को निकलेगी, उससे पहले सवारी मार्ग पर चल रहे सभी निर्माण और विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं को असुविधा नहीं होनी चाहिए।



