MP: वीरगढ़ी हनुमान मंदिर में CM मोहन यादव, पूजन-अर्चन कर प्रदेश कि खुशहाली के लिए कामना

इंदौर में आस्था, इतिहास और विकास तीनों का संगम देखने को मिला। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर के प्राचीन वीरगढ़ी हनुमान मंदिर आए, जहां उन्होंने ना सिर्फ पूजा-अर्चना की, बल्कि ऐतिहासिक बावड़ी का निरीक्षण कर जल संरक्षण को लेकर अहम दिशा-निर्देश भी दिए।
इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर क्षेत्र स्थित प्राचीन वीरगढ़ी हनुमान मंदिर में आज आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। सीएम ने विधि-विधान से भगवान हनुमान की पूजा की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित ऐतिहासिक बावड़ी का अवलोकन किया जहां उन्होंने जल संरक्षण और जल संरचनाओं के पुनर्जीवन को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मंदिर की गोशाला में पहुंचकर गोमाता की पूजा की और अपने हाथों से गुड़ और चारा खिलाया, जो उनकी सादगी और भारतीय संस्कृति के प्रति आस्था को दर्शाता है। मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रदेश सरकार जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत हर साल गुड़ी पड़वा से 30 जून तक जल संरक्षण का व्यापक अभियान चला रही है। प्रदेश में 2 लाख से ज्यादा जल संरचनाओं पर काम किया जा रहा है, और जल संरक्षण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी बनकर उभरा है।
इस दौरान नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी मौजूद रहे। वहीं सीएम के दौरे को लेकर मंदिर के साधु संतों में खास उत्साह देखने को मिला है. कुल मिलाकर एक तरफ आस्था का केंद्र तो दूसरी ओर जल संरक्षण का संकल्प। इंदौर के वीरगढ़ी हनुमान मंदिर से मुख्यमंत्री का ये दौरा साफ संदेश देता है कि, परंपरा और विकास दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ना ही सरकार की प्राथमिकता है।



