MP विधानसभा में पहली बार जैन संत का स्मृति दिवस, CM मोहन यादव ने पखारे पैर

मध्यप्रदेश की विधानसभा में जैन मुनि विद्यासागर महाराज का स्मृति दिवस मनाया गया . इस दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में हर वर्ष विद्यासागर महाराज का स्मृति दिवस मनाया जाएगा , साथ ही भोपाल में आचार्यश्री विद्यासागर स्मारक और शोध संस्थान बनाने की घोषणा भी. भोपाल में विधानसभा परिसर में पहली बार किसी जैन संत का स्मृति दिवस मनाया गया।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव विधानसभा पहुंचे और मंच पर बैठकर मुनि प्रमाण सागर जी महाराज का पाद प्रक्षालन किया और आशीर्वाद लिया.
साथ ही आचार्यश्री के जीवन पर आधारित 25 पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन के अंत में एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि आचार्यश्री की स्मृति में भोपाल में भी एक स्मारक स्थल बनाया जाएगा जहां उनसे जुड़ी स्मृतियां संजोई जाएंगी। स्थान चयन बाद में किया जाएगा। सीएम डॉ. यादव की इस घोषणा का जैन समाज के हजारों लोगों ने काफी देर तक तालियां बजाकर जोरदार स्वागत किया।
इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी पहुंचे और उन्होंने मुनि प्रमाण सागर जी महाराज का आशीर्वाद लिया वही भोपाल सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, भोपाल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष मनोज जैन बांगा समेत कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।