MP: आम लोगों संग चाय की चुस्की लेते दिखे CM डॉ. मोहन यादव, सादगी ने जीता दिल

उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक अलग ही अंदाज़ उज्जैन में देखने को मिला। सत्ता की व्यस्तताओं के बीच मुख्यमंत्री आमजन के बीच पहुँचे और सुबह की चाय की चुस्की स्थानीय लोगों के साथ ली। यह नज़ारा केवल एक औपचारिक दौरा नहीं था, बल्कि जनता से सीधा संवाद और अपनत्व की मिसाल बना।
ठण्ड के मौसम में गरमा गर्म चाय किसे पसंद नहीं है , ऐसा ही कुछ उज्जैन में देखने को मिला जब मुख्यमंत्री मोहन यादव सुबह सुबह कड़ाके की ठण्ड के दौरान तेलीवाड़ा चौराहे पर शहर की पुरानी और प्रसिद्ध चाय की दुकान पर पहुँच गए। ठंड के मौसम में मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों के साथ खड़े होकर चाय की चुस्कियां ली और स्थानीय लोगों से आत्मीय चर्चा की।
उन्होंने चाय दुकान संचालक से उनका हालचाल पूछा, व्यवसाय की स्थिति जानी और लोगों की समस्याओं को भी ध्यान से सुना। अचानक मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर लोग भी खासे उत्साहित नजर आए। चाय पीने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुकान संचालक को चाय के पैसे देने चाहे, लेकिन दुकानदार ने संकोचवश पैसे लेने से मना कर दिया। इस पर मुख्यमंत्री मुस्कुराते हुए बोले— “ये तो लेना ही होंगे।” इसके बाद उन्होंने स्वयं भुगतान किया और दुकानदार का धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री का यह सहज और सरल व्यवहार लोगों के दिलों को छू गया। आसपास मौजूद लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया और मुख्यमंत्री के इस ज़मीनी जुड़ाव की सराहना की है। कुल मिलाकर उज्जैन की सड़कों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह सादगी भरा अंदाज़ लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।



