MP: PM नरेंद्र मोदी से CM मोहन यादव की मुलाकात, इन मुद्दों पर हुई बात

मध्यप्रदेश के मुखिया सीएम डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आत्मीय भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर मध्यप्रदेश में जारी विकास कार्यों, जनकल्याणकारी पहलों, उपलब्धियों, निवेश और प्रदेश की प्रगति से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी है।
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2027 में मध्यप्रदेश में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किया। उन्होंने प्रदेश में निवेश के लिए तैयार किए जा रहे अनुकूल वातावरण, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की है। उन्होंने प्रदेश में प्रारंभ की गई ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ के संबंध में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अवगत कराया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 17 सितंबर से प्रदेश में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रदेशभर में आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी है। उन्होंने अभियान के माध्यम से जनभागीदारी, सेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न आयोजनों के बारे में अवगत कराया है।



