UP: राम मंदिर दान विवाद पर सियासी संग्राम, CM योगी बोले- दूध का दूध, पानी का पानी करेंगे

अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी का मामला अब कानून से आगे बढ़कर सियासी संग्राम का रूप ले चुका है। एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा है कि दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेंगे, तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इसी बयान पर तीखा पलटवार करते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर सवालों की बौछार कर दी।
राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले में कार्रवाई तेज होने के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति भी गर्मा गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में रामशंकर यादव समेत आठ लोगों की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई को गति दी गई है और सरकार इस पूरे मामले में सच्चाई सामने लाकर रहेगी।
मुख्यमंत्री योगी ने दो टूक कहा कि, दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेंगे। मुख्यमंत्री के इस बयान के कुछ ही समय बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए तंज कसते हुए लिखा कि वो क्या करेंगे दूध का दूध और पानी का पानी, लालच ने मार दिया है जिनकी आँख का पानी।
अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि गणित की पढ़ाई करने का क्या फायदा, जब गिनती में ही हेराफेरी हो गई, सोने-चांदी में घटतौली हो गई और जेवरातों की चोरी हो गई। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि चिराग तले अंधेरा नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का घोर अंधकार है।



