एमपी-citiesएमपी-ब्रेकिंगमेरा-देशराजधानी-रिपोर्टविशेषसरकारी-हलचल

MP: पेपर लीक पर कांग्रेस का बड़ा हमला,  जीतू पटवारी बोले- 10 साल में 85 पेपर लीक!

मध्य प्रदेश में युवाओं, भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्र और राज्य सरकारों पर भर्ती घोटालों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि, पिछले 10 वर्षों में देशभर में 85 पेपर लीक हुए, जिससे करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। वहीं कांग्रेस ने युवाओं के मुद्दों को लेकर इंदौर से भोपाल तक Gen-Z साइक्लोथॉन निकालने और मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने का ऐलान भी किया है।

भोपाल में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पेपर लीक और भर्ती घोटालों को लेकर केंद्र और मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में पिछले 10 वर्षों के दौरान देशभर में 85 पेपर लीक की घटनाएं हुईं, जिनसे दो करोड़ से अधिक युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ।

जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि, बीजेपी सरकार के कार्यकाल में लगातार भर्ती घोटाले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि हर भाजपाई पेपर लीक माफिया नहीं होता, लेकिन हर पेपर लीक के पीछे भाजपाई क्यों होता है? आगामी 14-15 जुलाई को कांग्रेस Gen-Z साइक्लोथॉन का आयोजन करने जा रही है।

इस मौके पर पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चाहे शिवराज सरकार रही हो या वर्तमान मोहन सरकार, दोनों ने युवाओं की उम्मीदों को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी में भ्रष्टाचार करने वालों को संरक्षण और प्रमोशन मिलता है।

वहीं पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने आंदोलन की जानकारी देते हुए बताया कि 14 और 15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक Gen-Z साइक्लोथॉन का आयोजन किया जाएगा। इस यात्रा में कांग्रेस नेता, छात्र और बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे। साइकिल यात्रा इंदौर से शुरू होकर देवास, आष्टा और सीहोर होते हुए भोपाल पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

कुल मिलाकर पेपर लीक और भर्ती घोटालों के मुद्दे पर कांग्रेस अब सड़क से लेकर सदन तक सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button