MP: 14 अगस्त को भोपाल में विशाल तिरंगा यात्रा, CM मोहन यादव और हेमंत खंडेलवाल होंगे शामिल

राजधानी भोपाल में 14 अगस्त को देशभक्ति का भव्य नजारा देखने को मिलेगा। मुखर्जी नगर कोलार से संत हिरदाराम नगर बैरागढ़ तक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें लाखों नागरिकों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी शामिल होंगे। यात्रा की तैयारियों को लेकर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए।
भोपाल में 14 अगस्त को निकलने वाली विशाल तिरंगा यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। हुजूर विधानसभा के मुखर्जी नगर कोलार से शुरू होकर यह यात्रा संत हिरदाराम नगर और बैरागढ़ तक जाएगी। यात्रा में लाखों देशभक्त नागरिकों के शामिल होने की तैयारी है और पूरे मार्ग पर देशभक्ति का उत्सव नजर आएगा।
यात्रा की तैयारियों को लेकर विधायक रामेश्वर शर्मा ने भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के साथ यात्रा के प्रारंभ स्थल का निरीक्षण किया। मदर टेरेसा स्कूल के सामने बनने वाले मंच और यात्रा में शामिल होने वाले नागरिकों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। बारिश की संभावना को देखते हुए अधिकारियों को पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
कर्मश्री के तत्वावधान में विधायक रामेश्वर शर्मा की ओर से हर वर्ष अखंड भारत स्मृति दिवस पर विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकलने वाली इस यात्रा में हर साल बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होते हैं।



