एमपी-citiesएमपी-ब्रेकिंगमेरा-देशराजधानी-रिपोर्टविशेष

MP: सितंबर में उज्जैन आएंगे राहुल गांधी,  कांग्रेस कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद

मध्य प्रदेश की सियासत से बड़ी खबर सामने आ रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सितंबर में उज्जैन का दौरा कर सकते हैं। प्रस्तावित दौरे में राहुल गांधी उज्जैन संभाग के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और संगठन सृजन के जरिए नियुक्त पदाधिकारियों से सीधा संवाद करेंगे।  खास बात ये है कि, इस कार्यक्रम में सिर्फ उज्जैन ही नहीं बल्कि संभाग के सात जिलों के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। 

राहुल गांधी के प्रस्तावित उज्जैन दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम में उज्जैन के अलावा रतलाम, शाजापुर, देवास, आगर मालवा, मंदसौर और नीमच जिले के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हो सकते हैं। राहुल गांधी संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर सीधे जमीनी फीडबैक लेने की तैयारी में हैं। 

प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए उज्जैन में क्षीरसागर और कार्तिक मेला ग्राउंड को संभावित स्थल के तौर पर चिन्हित किया गया है। प्रशासन से जिस स्थान की अनुमति मिलेगी, वहीं कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अनुमति मिलने के बाद कार्यक्रम स्थल पर बड़ा डोम तैयार करने की भी तैयारी है। राहुल गांधी की बैठक में जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी, मंडलम अध्यक्ष और कार्यकारिणी के पदाधिकारी शामिल होंगे। 

इसके अलावा ग्राम पंचायत अध्यक्ष, बीएलए 2 और संगठन सृजन के जरिए जिम्मेदारी संभाल रहे अन्य कार्यकर्ताओं से भी राहुल गांधी संवाद कर सकते हैं। बैठक का फोकस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने पर रहेगा। राहुल गांधी पंचायत कमेटी के अध्यक्षों और मंडलम कमेटी के पदाधिकारियों से भी बातचीत कर सकते हैं। राहुल गांधी के उज्जैन दौरे की तारीख फिलहाल तय नहीं हुई है लेकिन कांग्रेस संगठन ने संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।  वहीं उज्जैन दौरे के दौरान बाबा महाकाल के दर्शन का प्लान भी सामने आया है, हालांकि राहुल गांधी कार्यक्रम से पहले महाकाल जाएंगे या बाद में, इस पर अंतिम फैसला होना बाकी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button