MP: इंदौर में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का शुभारंभ, बस में सवार हुए मंत्री, सांसद, विधायक और कलेक्टर

इन दिनों एमपी में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा से यात्रियों का सफर आसान हो गया है. वहीं इंदौर में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां इस कार्यक्रम में मंत्री, सांसद और विधायकों ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. साथ ही खुद भी यात्री बस में सवार होकर सफर किया है.
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा के शुभारंभ अवसर पर कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा, विधायक महेंद्र हार्डिया, विधायक मालिनी गौड़, एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया और कलेक्टर शिवम वर्मा ने बस को फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं यात्रियों ने बस में सफर किया।
शुभारंभ अवसर पर कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए दिल की बात कही है। उन्होंने कहा कि, कई साल पहले जब वे विधायक बने थे, तब वे सरकारी बसों से ही सफर किया करते थे। उन्होंने कहा कि, उस समय सरकारी बसें ही आम आदमी का सबसे बड़ा सहारा हुआ करती थीं।
सांसद शंकर लालवानी ने इस अवसर पर नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि, संगठित रूप से संचालित होने वाली इन बसों में यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे आमजन का आवागमन और अधिक सुविधाजनक होगा।
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा एवं पीएम ई-बस सेवा के अंतर्गत यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बसों में महिला सुरक्षा के लिए पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तथा लाइव ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से मॉनिटरिंग की सुविधा रहेगी। विधायक मधु वर्मा और विधायक मालिनी गौड़ ने बस सेवा के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया है.
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत AICTSL के माध्यम से इंदौर से विभिन्न शहरी एवं इंटरसिटी मार्गों पर बसों का संचालन किया जा रहा है। कुलमिलाकर, देखा जाए तो इन दिनों एमपी में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा से यात्रियों का सफर आसान हो गया है. वहीं इंदौर में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया.



