Indore news: अमित शाह ने किए भगवान परशुराम के दर्शन, जन्मस्थली जानापाव में बना खास रिकॉर्ड
देश के गृहमंत्री अमित शाह की मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में रविवार को आमद हुई, वे दोपहर करीब दो बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे। इंदौर में आयोजित सभा लेने के पहले उन्होंने एयरपोर्ट से ही जानापाव के लिए उड़ान भरी। वहीं जानापाव पहुंचने पर अमित शाह का नाम पहली बार इस स्थान पर आने वाले गृहमंत्री के रुप में दर्ज हो गया। क्योंकि इससे पहले कभी कोई गृहमंत्री जानापाव नहीं आया था।
दरअसल, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इंदौर में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने आए थे, इससे पहले वे भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव पहुंचे, यहां पर उन्होंने जमदग्नि आश्रम में स्थित जनकेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक किया। साथ ही षोडशोपचार पूजन किया। इसके बाद उन्होंने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर सीएम शिवराज सिंह चौहान और गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी मौजूद थे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को ध्यान में रखकर जानापाव में सुबह से ही आमजन की एंट्री बंद कर दी गई थी, वहीं तीन बजे के बाद आज भक्तों को मंदिर में प्रवेश दिया गया। इसी तरह जानापाव मार्ग पर भी वाहनों को डायवर्ट किया गया था।