MP: उज्जैन में भक्ति और सुरों का संगम, गायक बी प्राक ने भगवान महाकाल के दर्शन किए

उज्जैन में रविवार सुबह भक्ति और सुरों का संगम देखने को मिला। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में गायक बी प्राक प्रतीक बच्चन ने बाबा महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने बाबा महाकाल की प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन लाभ लिया है।
उज्जैन में रविवार तड़के महाकालेश्वर मन्दिर में करीब 4 बजे गायक बी प्राक आए। श्रावण माह के कारण मंदिर में पहले से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। गायक ने नंदी हॉल में प्रवेश किया और बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। आरती के दौरान ढोल-नगाड़े, शंख और मंत्रोच्चार के बीच पूरा मंदिर परिसर “जय श्री महाकाल” के जयकारों से गूंज उठा। बी प्राक भक्ति भाव में लीन नजर आए और उन्होंने बाबा से देश की सुख-समृद्धि कि प्रार्थना की है।
दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एस एन सोनी ने गायक बी प्राक का स्वागत एवं सत्कार किया है। उन्हें बाबा महाकाल का प्रसाद, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया है।
बी प्राक को मंदिर में देखकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी ली और उनके गाने गुनगुनाए। मंदिर प्रशासन ने वीआईपी दर्शन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।



