MP: CM मोहन यादव और हेमंत खंडेलवाल की अहम बैठक, राजनीतिक नियुक्तियों पर हुआ मंथन

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बीच हुई अहम बैठक ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू कर दिया है। बैठक में इंदौर और भोपाल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों की नियुक्तियों सहित विभिन्न आयोगों, मंडलों और प्राधिकरणों में लंबित नियुक्तियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। माना जा रहा है कि, लंबे समय से प्रतीक्षित कई राजनीतिक नियुक्तियों पर जल्द फैसला हो सकता है।
मध्य प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर इंतजार की घड़ियां जल्द खत्म हो सकती हैं। राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक ने सत्ता और संगठन दोनों में नई हलचल पैदा कर दी है। सूत्रों के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक मंथन चला और सरकार तथा संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक का सबसे अहम मुद्दा इंदौर और भोपाल विकास प्राधिकरण माना जा रहा है। दोनों बड़े शहरों के विकास प्राधिकरणों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों की नियुक्तियां लंबे समय से लंबित हैं। इंदौर विकास प्राधिकरण और भोपाल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और दावेदारों के नाम चर्चा में हैं। ऐसे में इस बैठक को नियुक्तियों की दिशा तय करने वाली अहम कड़ी माना जा रहा है।
इंदौर और भोपाल जैसे बड़े शहरों के विकास प्राधिकरणों में नियुक्तियां केवल प्रशासनिक नहीं बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती हैं। यही वजह है कि इन पदों पर नियुक्ति को लेकर पार्टी बेहद सावधानी से आगे बढ़ रही है। फिलहाल मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बीच हुई बैठक को राजनीतिक नियुक्तियों की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।



