MP: बारिश को लेकर CM मोहन यादव का हाई लेवल प्लान, बाढ़ संभावित इलाकों में अलर्ट रहने के निर्देश

मध्यप्रदेश में बारिश के बदले मिजाज के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक्शन मोड में हैं, मंत्रालय में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हाई लेवल बैठक कर प्रदेश में कम बारिश और कुछ जिलों में अतिवृष्टि की आशंका को लेकर हालात की समीक्षा की, मुख्मंत्री ने साफ निर्देश दिए कि बारिश कम हो या ज्यादा, किसानों और आम नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। जिला और राज्य स्तर पर आपदा कंट्रोल रूम एक्टिव रखने से लेकर बाढ़ संभावित इलाकों में पहले से तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मंत्रालय में प्रदेश की बारिश और उससे पैदा हुई परिस्थितियों को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मानसून में प्रदेश में औसत से करीब 15 प्रतिशत कम बारिश हुई है , कुछ जिलों में बारिश कम है तो आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में ज्यादा बारिश की संभावना भी है. ऐसे में प्रशासन को हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कम बारिश वाले क्षेत्रों में किसानों की स्थिति पर विशेष नजर रखने और आने वाली रबी फसल में कम सिंचाई में होने वाली फसलों को प्राथमिकता देने के लिए किसानों को प्रेरित करने के निर्देश दिए है। खास तौर पर चने के बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं अतिवृष्टि और बाढ़ की आशंका वाले जिलों में भी प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य और जिला स्तर पर आपदा कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय रखने को कहा गया है।
जलभराव और बाढ़ संभावित क्षेत्रों की पहचान कर जरूरत पड़ने पर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत शिविरों की व्यवस्था पहले से रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जलभराव से प्रभावित फसलों का राजस्व विभाग की टीमों से पारदर्शी सर्वे कराने और पात्र किसानों को आपदा राहत कोष से मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।



