अटल बिहारी वाजपेई के पुश्तैनी मकान पहुंचे कार्यकर्ता, भाजपा – कांग्रेस ने कायम की मिसाल।
आज देशभर में पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाई जा रही है, उनके जन्मदिन को देशभर में सुशासन दिवस के रूप में मनाया जा रहा। कुछ ऐसा ही नजर ग्वालियर में देखने को मिला जहां दोनों राजनीतिक पार्टियों के राजनेताओं ने अटल बिहारी वाजपेई के पुश्तैनी मकान पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी, और अटल बिहारी वाजपेई के सुशासन को याद किया।
देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई का आज 99वां जन्मदिन है। देश सहित उनके गृह नगर ग्वालियर में भी उनका जन्मदिन पूरे श्रद्धाभाव से मनाया जा रहा है। शिंदे की छावनी स्थित कमल सिंह के बाग में अटल जी का पुश्तैनी मकान है। आज सुबह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनके घर पहुंचकर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके सिद्धांतों का अनुसरण करने का संकल्प लिया।
इस दौरान महापौर शोभा सिकरवार, क्षेत्रीय सांसद विवेक शेजवलकर, अटल के भांजे पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार सहित भाजपा और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में शहर के राजनेता, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।